Next Story
Newszop

राजस्थान में भीषण गर्मी ने मचाया तांडव! IMD ने इन जिलों के लिए जारी किया धूल भरी आंधी और लू का अलर्ट

Send Push

राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है जहां शुक्रवार को कई स्थानों पर दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा संभाग में लू के कारण लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आज यानी शनिवार से गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

जयपुर संभाग में भीषण गर्मी से लोग परेशान

जयपुर के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में कई स्थानों पर लू दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। वहीं, पूर्वी राजस्थान के जयपुर संभाग में लोगों को भीषण गर्मी और उमस भरी रातों का सामना करना पड़ा। दिन में अधिकतम तापमान बीकानेर में 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सिरोही में 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान

इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 44.2 डिग्री, वनस्थली और कोटा में 43.1 डिग्री, पिलानी में 44.1 डिग्री, बाड़मेर में 45.0 डिग्री, जैसलमेर में 44.8 डिग्री, संगरिया में 39.8 डिग्री और फतेहपुर में 4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

19 अप्रैल को चलेगी धूल भरी आंधी

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार अगले 48 घंटों में जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं/धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। साथ ही 19 अप्रैल से जोधपुर, बीकानेर और कोटा संभाग में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट और कुछ स्थानों पर 'लू' चलने की संभावना है।

19-20 अप्रैल के दौरान पूर्वी राजस्थान में तूफान की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 19 से 20 अप्रैल के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में छिटपुट बारिश और तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की संभावना है। विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इसके प्रभाव से पश्चिमी इलाकों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान में आंधी आने की संभावना है। 20 अप्रैल से राज्य में गर्मी से राहत मिलने की भी संभावना है।

Loving Newspoint? Download the app now