Next Story
Newszop

Modi's Minister Slams Advisor Of Trump: मोदी सरकार में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो को दिया कर्रा जवाब, रूस से कच्चे तेल की खरीद पर ऐसे दिखाया आईना

Send Push

नई दिल्ली। रूस से कच्चे तेल की खरीद के मुद्दे पर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो को कर्रा जवाब देते हुए तर्कों के जरिए आईना दिखाया है। एक अंग्रेजी अखबार में लेख के जरिए हरदीप सिंह पुरी ने नवारो के उस आरोप को सिरे से खारिज किया है, जिसमें ट्रंप के सलाहकार ने भारत पर मुनाफा कमाने और लॉन्ड्रोमैट यानी संदिग्ध चीजों को वैध दिखाने का आरोप लगाया था। मोदी सरकार में मंत्री हरदीप पुरी ने अपने लेख में कहा है कि भारत ने रूस से कच्चा तेल खरीदने में कोई नियम नहीं तोड़ा है। बल्कि, भारत की ऊर्जा व्यापार नीति ने वैश्विक बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत नियंत्रित रखने में मदद की है।

पेट्रोलियम मंत्री ने लिखा है कि यूक्रेन पर रूस के हमले से बहुत पहले ही भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा पेट्रोलियम उत्पाद निर्यातक रहा है। युद्ध के बावजूद भारत का निर्यात और मुनाफा लगभग समान है। उन्होंने कहा है कि कुछ आलोचक कहते हैं कि रूस के कच्चे तेल के लिए भारत लॉन्ड्रोमैट बन गया है। इससे ज्यादा गलत बात नहीं हो सकती। बीते दिनों ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो ने यूक्रेन-रूस के युद्ध को मोदी का युद्ध कहा था। उन्होंने ये भी कहा था कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की युद्ध मशीन को भारत फंड दे रहा है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की भगवा कपड़ों में तस्वीर पोस्ट कर भारत को तेल लॉबी के हाथ पड़ी लोकतांत्रिक लॉन्ड्री भी कहा था।

पीटर नवारो के आरोप पर हरदीप पुरी ने कहा है कि ईरान और वेनेजुएला की तरह रूस के कच्चे तेल पर सीधा प्रतिबंध नहीं है। इस पर जी-7 और यूरोपीय यूनियन ने मूल्य सीमा लगाई है। ताकि तेल की आपूर्ति होती रहे और रूस की आय सीमित रहे। पेट्रोलियम मंत्री ने लिखा है कि इस वास्ते जो 18 पैकेज लाए गए हैं, उनका भारत ने पालन किया है। उन्होंने लिखा है कि भारत का हर लेन-देन वैध है। भारत ने कानूनी तौर पर शिपिंग, बीमा, प्रमाणित कारोबारियों और जांचे-परखे चैनलों के जरिए ही कच्चे तेल का कारोबार किया है। हरदीप पुरी ने अपने लेख में ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए की रिपोर्ट का हवाला दिया है। उन्होंने लिखा है कि अगर रूस से भारत कच्चा तेल लेना बंद कर दे, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 90 से 100 डॉलर प्रति बैरल हो सकती है। इसकी वजह ये कि रूस के कच्चे तेल के सीमित खरीदार हैं। भारत हटा, तो वैश्विक आपूर्ति में 1 फीसदी की कमी होने से कीमत और महंगाई बढ़ेंगी।

image डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने हाल के दिनों में भारत पर कई बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। यहां तक कि उन्होंने जातिवाद का कार्ड भी खेला है।

मोदी सरकार में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपने लेख में आगे लिखा है कि रूस के कच्चे तेल पर प्राइस कैप लगाने के बाद यूरोपीय देशों ने ही भारत से खुद पेट्रोलियम ईंधन मंगाना शुरू किया। उन्होंने लिखा है कि भारत के निर्यात और रिफाइनिंग मार्जिन में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ और इसलिए मुनाफाखोरी का सवाल नहीं उठता। उन्होंने लिखा है कि यूक्रेन युद्ध के बाद कच्चे तेल की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उछाल के दौरान भारत ने अपने नागरिकों को राहत देने के कई कदम उठाए। हरदीप सिंह पुरी ने उदाहरण दिया है कि सरकारी तेल कंपनियों ने डीजल पर 10 रुपए प्रति लीटर का नुकसान उठाया। केंद्र और राज्यों ने पेट्रोलियम पदार्थों पर टैक्स घटाए। साथ ही नियम लागू किया गया कि जो रिफाइनर पेट्रोल और डीजल निर्यात करते हैं, उनको कम से कम 50 फीसदी पेट्रोल और 30 फीसदी डीजल भारत में बेचना होगा।

image

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लेख में बताया है कि पेट्रोल और डीजल के बारे में उठाए गए कदमों की वजह से सरकार को बड़ी वित्तीय हानि हुई, लेकिन भारत में एक भी पेट्रोल पंप सूखा नहीं पड़ा। साथ ही जनता को पेट्रोल और डीजल की स्थिर कीमत मिलती रही। उन्होंने लेख में कहा है कि रूस दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कच्चे तेल का उत्पादक है और उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हरदीप सिंह पुरी ने ये भी लिखा है कि जो भी भारत पर अंगुली उठा रहे हैं, वे इस सच्चाई को अनदेखा कर रहे हैं। मोदी सरकार में मंत्री ने लिखा है कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन किया है। साथ ही कच्चे तेल में संभावित 200 डॉलर प्रति बैरल के झटके को टालने में मदद की है। बता दें कि पीटर नवारो ने भारत पर मुनाफा कमाने का आरोप लगाने के बाद कुछ औद्योगिक घरानों और अब ब्राह्मणों पर रूसी तेल से फायदा लेने का मनगढ़ंत और हैरतअंगेज आरोप लगाया है।

The post Modi’s Minister Slams Advisor Of Trump: मोदी सरकार में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो को दिया कर्रा जवाब, रूस से कच्चे तेल की खरीद पर ऐसे दिखाया आईना appeared first on News Room Post.

Loving Newspoint? Download the app now