उत्तरकाशी, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । यमुना नदी पर स्यानाचट्टी में मलबा आने से निर्मित झील को खोलने के लिए शुक्रवार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, खाद्य आपूर्ति और पीडब्ल्यूडी की टीमों सहित सभी एजेंसियां मौके पर तैनात रहीं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मौके पर हैं। साथ ही क्षेत्रीय विधायक ने स्थलीय निरीक्षण भी किया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा है कि स्थानीय लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा लोगों के लिए सभी सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहें हैं। साथ ही मलबे से बनी कृत्रिम झील को खोलने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां जुटी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक घंटे में झील के जलस्तर में लगभग 2 फिट तक कमी आई है।
स्थिति अनुकूल होते ही झील को खोलने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्यानाचट्टी जलमग्न, गुस्साए लोग झील में उतरे, लगाए नारे
गुरूवार को कुपडा गदेरे से आये भारी मलबा से यमुनोत्री धाम के मुख्य पड़ाव स्याना चट्टी में बनी अस्थाई झील बनने से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को झील में उतरकार शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बादल में क्षेत्रीय विधायक का घेराव कर जमकर विरोध किया।
प्रभावित ग्रामीणों का आरोप है कि लापरवाही की वजह से उनका घर-बार, खेत और कारोबार पानी में डूब गए हैं। मजबूरन उन्हें सुरक्षित जगहों पर शरण लेनी पड़ी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले से बनी झील को समय रहते साफ कर दिया जाता और यमुना नदी को चैनलाइज किया जाता, तो आज यह भयावह स्थिति पैदा नहीं होती।
ग्रामीणों ने बताया कि 28 जून की रात भी यहां अस्थायी झील बनी थी, लेकिन प्रशासन ने उसे हल्के में लिया। यही वजह है कि अब स्थिति और विकराल हो गई। आक्रोशित लोगों ने यमुनोत्री हाईवे पुल के पास झील में उतरकर प्रदर्शन किया, जिससे अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।
यमुनोत्री धाम समेत 12 गांवों का टूटा संपर्क
स्यानाचट्टी झील बनने से यमुनोत्री धाम समेत गीठ पट्टी के 12 गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया है। करीब 8,000 ग्रामीण प्रभावित हुए हैं।
झील का जलस्तर इतना बढ़ा कि यमुनोत्री हाईवे पर बना मोटर पुल 5 फीट पानी में डूब गया। नतीजतन राहत-बचाव टीम प्रभावित इलाके तक नहीं पहुंच पाई। हालांकि, सिंचाई विभाग, एनएच, लोनिवि, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर डटी हुई हैं।
स्कूल बंद, 200 से ज्यादा बच्चे प्रभावित
झील बनने से स्थानीय स्कूलों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई है।स्यानाचट्टी स्कूल के 50 बच्चों को फिलहाल स्कूल न आने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं गंगनानी के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की 150 छात्राओं को सुरक्षा के तहत होटल में शिफ्ट किया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी बीएस चौहान ने कहा कि जलस्तर सामान्य होने के बाद स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन क्लास के जरिए कराई जाएगी।
होटल और कारोबार पर संकट
स्यानाचट्टी में बनी झील से 3 सरकारी विभागों की संपत्ति, 32 होटल, ढाबे और आवासीय भवन प्रभावित हुए हैं। यहां के व्यवसाय से करीब 60 परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। यमुनोत्री यात्रा मार्ग में यह अहम पड़ाव है, जहां से रानाचट्टी, जानकीचट्टी और खरसाली होते हुए श्रद्धालु यमुनोत्री धाम पहुंचते हैं।
स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर बनी झील ने न केवल लोगों की आजीविका और शिक्षा प्रभावित की है, बल्कि यमुनोत्री धाम की यात्रा भी संकट में डाल दी है।
————-
(Udaipur Kiran) / चिरंजीव सेमवाल
You may also like
आपदा प्रबंधन को लेकर बड़ा कदम: दिल्ली में हुआ राष्ट्रीय सेमिनार
पीएम मोदी ने कोलकाता मेट्रो में किया सफर, छात्रों से की दिल खोलकर बात
Kajol की नई वेब सीरीज 'The Trial' का ट्रेलर हुआ रिलीज़
बिग बॉस 19: प्रतियोगियों की नई सूची और शो की थीम
महावातार नरसिंह ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम, 150 करोड़ का आंकड़ा पार